Tuesday, 31 December 2024
नव वर्ष 2025 स्वागत है तुम्हारा
अलविदा 2024
Sunday, 15 December 2024
हृदय में क्रंदन उर ज्वाला,जीवन गीत लिखूं कैसे
अश्कों के सजल रथ ,मोम से ख्वाब पिघलते
व्यथा की पीर दिशाओं में हवाओं के संग भटकते
बिखरे स्वप्न फूलों के,मन अंचल में छुपाऊं कैसे?
हृदय में क्रंदन उर ज्वाला,जीवन गीत लिखूं कैसे
भावों के गीत मनोरम सब जीवन से लुप्त हुए
आहों की सरगम में जीवन के दिन रात व्यतीत हुए।
आरोह,अवरोह,पकड़ सब भूल गया विकल मन
भव सागर के लहरों से जीवन नैया पार करूं कैसे।
हृदय क्रंदन उर ज्वाला जीवन गीत लिखूं कैसे...
स्वर खोया शून्य में,अग्नि में समर्पित तन
उड़ती चिंगारियों के बाद बचेगी थोड़ी भस्म
सजल दृगो की करुण कहानी..गंगा में प्रवाहित
वेदना कणों की समर्पण के गीत लिखूं कैसे।
हृदय क्रंदन उर ज्वाला जीवन गीत लिखूं कैसे....।
उर्मिला सिंह
Tuesday, 10 December 2024
धूप- छांव
धूप...
कभी धूप मिले कभी छांव मिले
कभी फूल मिले कभी शूल मिले
पांव चलते ही रहे चलते ही रहे...
पावों से शिकायत छालों ने किया...
अश्कों की दो बूंद गिरी......
दिल ने हँस के कहा ये......
सहते ही रहो ये जीवन है
यहां भोर भी होती है
तिम भी आक्छादित होता है
गुनगुनी धूप, छांव और फूल भी हंसते हैं
मुस्कान भी है गान भी है
बस कर्मों का खज़ाना है सब तेरे
स्वीकार करो,प्रभु नाम जपो
मुक्ति का बस यही द्वार है तेरे।।
उर्मिला सिंह
Sunday, 8 December 2024
मुक्तक
दर्दोगम को दिल में छुपाये रखती है
कई ख्वाब आँखों में सजाये रखती है
जिन्दगी को तपिश की लपटों से बचाती हुई
नारी पहेली बनी कर्तव्य पर उत्सर्ग रहती है !!
****0****
#उर्मिल
सुलझाने से भी न सुलझे वो ज़िन्दगी है
समझ समझ के भी न समझे ऐसी पहेली है
***0***
# उर्मिल
Wednesday, 4 December 2024
आज वरदान दे मां....
आज वरदान दे माँ आज दे वरदान मां
अपने स्नेहा-अंचल की छांव,आज दे वरदानमां
हृदय ज्वार अपरिमित आज है
दिखती नहीं ...कोई पतवार है
अगम अनजान पथ राही अकेला....
दुर्बल मन, शक्ति.... की आस है
आज वरदान दे मां आज दे वरदान मां
जीवनपथ निर्वाण बन जाय,आज दे वरदान मां।
आधार एक तेरा हृदय में...
अश्रु बूंदे करती मनुहार तुझसे
विकल मन, क्रंदन करती सांसे
मुक्तिद्वार का विश्वास दे.....
आज वरदान दे मां,आज दे वरदान मां
जर्जर मन पीड़ा काअवसान,आज दे वरदानमां।
थके पैर ,आज गति प्रदान कर
संसार के हर भार से मुक्त कर
हर सांस लिख रही विरह गीत अब,
चरण की चाह,पूर्णता का वरदान दे मां
चिर सुख दुख के अन्त का आज उजास दे
आज वरदान दे मां ,आज दे वरदान मां
पावन चरणों की छांव दे आज वरदान दे मां ।।
उर्मिला सिंह
Saturday, 2 November 2024
जिन्दगी में क्या है?
जिन्दगी में क्या है,कुछ ख्वाब कुछ उम्मीदें
अगर इनसे खेल सको तो कुछ पल खेलो।।
रिश्ते लिबास बन गए आज की दुनियां में
हर चेहरे पर नकाब है देख सको तो देखो।।
थक गई अश्कों को छुपाते छुपाते पलके
छुपे ज़ख्मों के ज़खीरे देख सको तो देखो।।
चलते चलते जिन्दगी की कब शाम हो जाए
दिए की लौ कैसे बुझती है देख सको तो देखो।।
समझौता करके चले थे पथरीली राहें तुझसे
पैरों के हंसते छालों कोसमझ सको तो देखो।।
उर्मिला सिंह
Wednesday, 30 October 2024
आज कुछ ऐसे दीप जलाएं
चलो दीपावली ऐसी मनाएं
तिमिर आच्छादित न हो....
अंतर्मन को पावन कर.....
नेह की लौ तेज कर लें
जगमग जीवन हो जाए।।.
चलो आज ऐसा दीपक जलाएं।।
तमस सत्य पर आवरित न हो
प्रीत की बाती विश्वास का तेल हो
किसी से क्षमा मांग ले .....
किसी को क्षमा कर दें...
होठों पर मुस्कानों की ....
लौ तेज कर लें....
चलो आज ऐसा दीपक जलाएं।।
नेह से रीते घड़े में
ज्योति पुंज जगमगाए
धरती अम्बर भी मुस्कुराएं
उत्साह की लहरे उठे...
प्रत्येक मन में....
खुशियों के पौध लहराए
चलो आज ऐसा दीपक जलाएं...।।
🌷 उर्मिल 🌷
🍁🍁🍁🍁🍁🍁
Thursday, 24 October 2024
जीवन का यथार्थ
जीवन का यथार्थ.....
🍁🍁🍁🍁🍁
शाम का समय.....
ढलते सूरज की लालिमा....
आहिस्ता- आहिस्ता......
समुन्द्र के आगोश में.....
विलीन होने लगा......
देखते -देखते.....
अदृश्य होगया........
जिन्दगी भी कुछ ऐसी ही है.......
मृत्युं के आगोश में लुप्त होती ....
इंसान के वश में नही रोक पाना.....
लाचार ....बिचारा सा......इंसान
फिर भी गर्व की झाड़ियों में अटकता.....
अहम के मैले वस्त्रों में
सत्य असत्य के झूले में झूलता....
जीवन की अनमोल घड़ियां गवांता......
जीवन की उलझनों में उलझा
सुलझाने की कोशिश में
पाप पुण्य की परिधि की...
जंजीरों में जकड़ा
निरंतर प्रयत्नशील
अंत समय पछताता हाथ मलता.......
कर्मों का बोझ सर पर लिए अनन्त में.....
विलीन हो जाता......
जीवन का यथार्थ यही है.....शायद
जो हम समझ नही पाते हैं.......
🌷उर्मिला सिंह
Sunday, 25 August 2024
कृष्ण जन्माष्टमी पर एक पुकार
सुनो हे कृष्ण मुरारी,व्यथा से पीड़ित नारी
क्या इस युग में भी तुम आओगे?
प्रश्न हमारा तुमसे है ,हे राघव हे बनवारी
पुकार लगाया जब दीनो ने,दौड़े आए चक्रधारी
हमरी बारी क्यों देर भई कुछ तो बोलो गिरधारी।।
उर्मिला सिंह
******०*****०******
Tuesday, 16 July 2024
मुजरिम,वकील जज हम्ही.....
Saturday, 29 June 2024
टेढ़ी मेढी जीवन राहों की मोड़.....
उलझे सुलझे रिश्तों की डोर
टेढ़ी मेढ़ी जीवन राहों की मोड़।
सोच रहा विचारा व्याकुल मन
कैसे सुलझाऊं,उलझी गांठों की डोर
पाऊं कैसे दुस्तर मंजिल की छोर।।
उर्मिला सिंह
Monday, 13 May 2024
हम स्वतंत्र हैं
कुछ न कहिये जनाब स्वतंत्र हैं हम........
बोलने की आजादी है --तो
नफ़रत फैलाने की स्वतन्त्रता---- भी
लिखने पर कोई रोक टोक नही --तो
शब्दों की गरिमा भी समाप्ति की.....
देहरी पर सांसे गिनती दम तोड़ रही है....
कुछ न कहिये जनाब स्वतन्त्र हैं --हम....
बच्चे हैं तो क्या हुआ, स्वतंत्र हैं --हम
मां बाप का कहना क्यों माने.....
अपनी मर्जी के मालिक हैं -- हम
हमें पालना जिम्मेदारी है उनकी...
आखिर बच्चे तो उनके ही हैं --हम।
कुछ न कहिये ज़नाब स्वतन्त्र हैं --हम.....
गुरु शिष्य का नाता पुस्तकों में होता है...
आदर भाव तो बस सिक्कों से होता है।
भावी समाज का निर्माण हमसे होता है...
संसद से समाज तक स्वतन्त्रता का परचम.
लहराते धर्म नीति की धज्जिया उडातें ...
स्वतन्त्र भारत के स्वतन्त्र नागरिक हैं हम
कुछ न कहिये ज़नाब स्वतन्त्र हैं-- हम......!
त्रस्त सभी इस स्वतन्त्रता से....
पर आवाज उठाये कौन....!
स्वतन्त्रता को सीमित करने की ....
नकेल पहनाए कौन.....!!
***0****
उर्मिला सिंह
Sunday, 31 March 2024
अन कही व्यथा......
**********
अनकही व्यथा दर्द का भंडार है
कहूं किससे दर्द में डूबा संसार है
मन ठूंठ सा लगने लगा है अब.…
दरक्खत से पत्ते गिरने लगे हैं अब...
जिंदगी धूप में छांव ढूढती है
हर पल ख्वाब के सुनहले सूत बुनती है
खाली हाथ आए थे खाली हाथ जाएंगे....
इसी एहसास के सहारे सांस चलती है।
ढूंढती रहती आंखें खोए हुवे लम्हों को
हकीकत के चश्में अपनों के चेहरों को
काश फ़साना बनती न जिन्दगी यूं.....
मौत भी आसान लगती जिन्दगी को।।
सदाए देती हैं ये हवाएं आज भी....
उम्र के पन्नों पर लिखा प्यार का हर्फ आज भी
समझ न पाया ये जग मोहब्बत की बात को
उम्र मोहताज आखिरी सीढियां पार करने को।।
उर्मिला सिंह
Saturday, 9 March 2024
बस यूं ही....जख्मों की अन कही कहानी....
ज़ख्म से जब जख्म की आंखे मिली
दिल के टुकड़े हुवे जख्म मुस्कुराए.....।
जख्म ने हंस कर जख्म से पूछा.....
कहो कैसे गुजरे दिन अश्कों के समंदर में...।
अतीत के अंचल के साए में रात गुजरी
दिन की न पूछ यार मेरे की कैसे गुजरी।।
उर्मिला सिंह
Tuesday, 27 February 2024
बस यूं ही......
Sunday, 18 February 2024
नारी...का दर्द
सात भांवरों की थकान उतारी न गई
दो घरों के होते हुवे नारी पराई ही रही।
जिन्दगी का सच ही शायद यही है.....
सभी कोअपनाने में अपनी खबर ही न रही।।
पर ये बात किसी को समझाई न गई।।
उर्मिला सिंह
Saturday, 10 February 2024
ख्वाब....मन और मैं......
कभी कभी मन ख़्वाबों के .....
वृक्ष लगाने को कहता......
सीचने सावारने को कहता....
दिमाग कहता ....
पगली !तेरे पौधों को सीचेंगा कौन
किसे फुर्सत है .....
तेरे ख्वाबों को समझने का......
तेरी आशाओं की .....
कलिया चुनने का.....
ये दुनिया वर्तमान को जीती है
अतीत को भूल जाती है .....
भविष्य के सपने बुनती है.....
इस तरह जिन्दगी चलती है
जिन्दगी की इतनी सी कहानी है.....
तुम हो, तो दुनिया अपनी है
नही तो एक भूली बिसरी कहानी है।
उर्मिला सिंह
Friday, 2 February 2024
बस यूं ही....कलम चल पडी
बस यूं ही....कलम चल पड़ी।
जीवन की ऊबड़ खाबड़ पगडंडियों पर
कभी धूप छांव कभी कंटकों पर चल पड़ी
आंसू और मुस्कुराहटों सेउलझ पड़ी।।
बस यूं ही ......कलम चल पड़ी।
कभी सूनी दीवारों को देखती
यादों के चिराग जला कुछ ढूढती
नज़र आते मकड़ी के जाले
छिपकली के अंडे टूटी सी खटिया पड़ी।।
बस यूं ही .....कलम चल पड़ी।
कुछ नीम की सूखी दातून
तो कुछ पुराने दंत मंजन की पुड़िया पड़ी
साबुन के कुछ टूटे टुकड़े
गर्द धूल से भरी टूटी आलमारी रोती मिली।।
बस यूं ही .....कलम चल पड़ी।
मेज पर पडे कुछ पुराने कागज के पुलिंदे,
बिखरे अपनी करुण दास्तां सुनाते
गुजरी रातों की कहानी सुनाते।
कलम चलती रही शब्द तड़पते रहे
रूह सुनाती रही दस्ता अपनी पड़ी पड़ी।।
बस यूं ही.....कलम चल पड़ी।
पूजा की कोठरी के धूप की सुगंध -
से लगता सुवासित आज भी खंडहर
मंत्रोचारण घंटे की आवाज गूंजती कानों में
शंख ध्वनि प्रार्थना के भाव प्रचंड
कलम भी दर्द की कराह से हो गई खंड खंड
कुछ न कह सकी बस चलते चलते रो पड़ी।।
बस यूं ही.....कलम चल पड़ी।
उर्मिला सिंह
Thursday, 11 January 2024
भारत माँ का मुकुट हिमालय है
तो हिंदी मस्तक की बिंदी ।
पहचान हमारी अस्मिता हमारी
अभिमान हमारा है हिंदी ....
।हिंदी भाषा के विकास का इतिहास भारत में आज का नहीं सदियों पुराना है । भारत की राज भाषा हिंदी,विश्व की भाषाओं में अपना एक महत्वपूर्ण स्थान रखती है।
हिन्दी भाषा को जानने के लिए यह जानना परम आवश्यक है कि हिन्दी शब्द का उद्गम कैसे हुआ ।
हिंदी शब्द संस्कृत के सिन्धु शब्द से उत्पन्न हुआ है।
और सिंधु , सिंध नदी के लिए कहा गया है।
यही सिंध शब्द ईरानी भाषा मे पहले हिंदू, फिर हिंदी और बाद में हिन्द के नाम से प्रचलित हुआ और इस प्रकार हिंदी का नामकरण हुआ ।
हिंदी का उद्भव संस्कृत से हुआ जो सदियों पुरानी और अत्यंत समृद्ध भाषा है। और इसी संस्कृत भाषा से हमारे वेद ,पुराण,मन्त्र आदी प्राचीन काव्य और महाकाव्य लिखे गए हैं।
हिंदी भाषा की लिपि देवनागरी है जिसे विश्व मे सबसे अधिक वैज्ञानिक माना गया है ।
हिंदी साहित्य का क्षेत्र बहुत ही परिष्कृत और विस्तृत है।
साथ साथ हिंदी व्यवहारिक भाषा है। बच्चा जन्म लेने के
पश्चात सर्व प्रथम माँ शब्द का ही उच्चारण करता है ।
हिंदी भाषा में प्रत्येक रिश्तों/सम्बन्धों के लिए अलग अलग शब्द होते हैं।जबकि अन्य किसी भाषा में ऐसा नहीं मिलता।
हिंदी भाषा की 5 उप भाषाएँ हैं तथा कई प्रकार की बोलियाँ प्रचलित हैं। आज कल इंटरनेट पर भी हिंदी भाषा का बाहुल्य है। हिन्दी ऐसी भाषा है जो हमें सभी से जोड़ने काप्रयत्न करती है । हिंदुस्तान के हर प्रदेश में हिंदी भाषा बोली जाती है भले ही टूटी फूटी क्यों न हो ।
विश्व में सबसे ज्यादा बोलने वाली भाषा हिन्दी ही है।ऐसा मेरा मानना है।
युग प्रवर्तक भारतेन्दु हरीश चंद्र जी ने हिन्दी साहित्य के माध्यम से नव जागरण का शंखनाद किया।
उन्होने लिखा:
"निज भाषा उन्नति है,
सब उन्नति का मूल।
बिनु निज भाषा ज्ञान के,
मिटे न हिय का शूल ।"
हमारे देश का दुर्भाग्य रहा है कि हिन्दी भाषा का जो स्थान होना चाहिए वो आज तक हिंदी भाषा को प्राप्त न हो सका।
अतएव आप सभी से अनुरोध है कि जितना हो सके हिंदी भाषा के विकास हेतु कार्य करें।
किसी भी देश की मातृ भाषा उस देश का श्रृंगार/गौरव होता है अतएव उस श्रृंगार को निरंतर सजाते संवारते रहें।
जितना भी हो सके हमलोगों को हिंदी के विकास के लिए प्रयत्नशील रहना चाहिए।
हिंदी भाषा हमारी पहचान है, हमारी आन -बान- शान है।
धन्यवाद...
जय हिंद .
जय भारत...।।
..... उर्मिला सिंह
Monday, 8 January 2024
जिन्दगी ....आसूं.....हंसी
जिन्दगी की परिभाषा....बस यूं ही
********0*******
नित नए अनुभवों से गुजरती है
नयन नीर से सींचत करती है
हृदयांकुरों को प्लवित पुष्पित करती
बस स्वयं से ही नही मिल पाती है।
ये कैसी दुनिया में सांसे लेती है जिन्दगी
तूं सभी की है पर तेरा कोई नही है।।
*********0 **********
आसूंओं की कहानी .....
*****0*****
होठों पर हसीं आंखों में पानी....
बस इतनी सी है तेरी जिंदगानी
खुशियों से भरी निकलती हैं जब तूं....
दुनिया सारी हंसती है.......
गम के अंधेरे में छुपाती है
बहलाती है,समझाती है स्वयं को...
झरते हैं तब ,ये जब सारी दुनिया सोती है.....
तेरी कद्र करे कोई......
ऐसी कोई हस्ती ,दुनिया में नही मिलती।।
********0********
हंसी .....
****0****
तूं भी क्या कमाल करती है
कितने गुणों को स्वयं में समेटे है
कभी बच्चों से खिलखिलाती
कभी फीकी मुस्कुराहट से
दिल के हाल बताती.....
कभी दोस्तों के साथ ठहाको में मस्ती
कभी आंसुओं से आंचल भिगोती
अनेक रूपों के लहरों में बहती
हर हाल तूं सभी का साथ देती
जिन्दगी की कद्र तो सच कहूं....
बस एक तूं ही तो करती... बस तूं ही तो करती है।।
🌷उर्मिला सिंह 🌷